सड़क हादसे में सहायक उप निरीक्षक की दर्दनाक मौत, विभाग में शोक की लहर

विदिशा/छतरपुर, छतरपुर जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में विदिशा जिले की लेटेरी मंडी में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एएसआई अपनी बाइक से घर लौट रहे थे और अचानक सामने से आ रहे वाहन से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में आग लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीरों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान एएसआई उत्तम कुमार गौड़ (35) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पन्ना जिले के हरदुवा गाँव के निवासी थे।

उत्तम कुमार गौड़ वर्ष 2017 में पुलिस विभाग में नियुक्त हुए थे और वर्तमान में लेटेरी की कृषि उपज मंडी में सुरक्षा व्यवस्था की ज़िम्मेदारी संभाल रहे थे। कर्तव्यनिष्ठ और शांत स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले गौड़ की असमय मृत्यु से विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।

उनके सहयोगियों ने बताया कि दिवंगत अधिकारी सदैव अपने कार्य के प्रति समर्पित रहते थे और मंडी परिसर की व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। विभागीय अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।

पुलिस प्रशासन ने मृतक अधिकारी के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम के बाद उनके पैतृक गाँव में अंतिम संस्कार किया गया, जहाँ पूरे गाँव ने नम आँखों से अपने होनहार सपूत को विदाई दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ