महात्मा गांधी जयंती पर आज जिले की सभी 577 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने स्वयं ग्रामसभाओं की कार्यवाही का निरीक्षण करते हुए विभिन्न पंचायतों का दौरा किया और ग्रामीणों से संवाद कर जानकारी ली।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने विदिशा तहसील के अहमदपुर कस्बा की ग्राम पंचायत चिड़ौरिया, हांसुआ, भाटनी और अहमदपुर में आयोजित सभाओं में भाग लिया। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना की सर्वे सूची का वाचन कराया गया। इसी प्रकार बी-वन का वाचन पटवारी द्वारा कराया गया। ग्रामसभाओं में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) का अवलोकन, स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियों, पात्रता पर्ची वितरण, खसरा-खतौनी संबंधी जानकारी और विभिन्न योजनाओं के हितलाभों पर चर्चा हुई।
इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी ग्रामसभा में प्रस्तुत कीं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों के निराकरण में गंभीरता बरती जाए। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ श्री ओ.पी. सनोडिया को निर्देशित किया कि जिन ग्रामसभाओं में नोडल अधिकारी उपस्थित नहीं रहे, उनकी सूची तैयार कर उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किया जाए।
निरीक्षण भ्रमण के दौरान तहसीलदार श्रीमती प्रीति पंथी, जनपद सीईओ श्री गगन वाजपेयी, अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ श्री पंकज जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ