क्षेत्रीय विधायक उमाकांत शर्मा का आकस्मिक दौरा

हाट बाजार में जनता से की सहज भेंट स्थानीय व्यापार को बताया गाँवों की आत्मा, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का किया आह्वान

शुभम सोनी आनंदपुर । क्षेत्रीय विधायक उमाकांत शर्मा ने आज आकस्मिक रूप से कस्बा आनंदपुर तहसील लटेरी के हाट बाजार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, फुटकर विक्रेताओं और नागरिकों से दुकान–दुकान जाकर भेंट की और उनके हालचाल पूछे।

हाट में पहुँचते ही विधायक शर्मा का लोगों ने आत्मीय स्वागत किया। बाजार में उमड़ा उत्साह और जनता के चेहरों की मुस्कान देखकर उन्होंने कहा, “हर हाथ में परिश्रम की कहानी है और हर नज़र में उम्मीद की चमक। स्थानीय व्यापार ही हमारे गाँव–कस्बों की आत्मा है। यही मेहनतकश लोग हमारे समाज की सच्ची ताकत हैं।”
विधायक ने बाजार में भ्रमण के दौरान नागरिकों से स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए ‘आत्मनिर्भर भारत–स्वदेशी भारत’ का संदेश दिया। उन्होंने भाजपा नेता संतोष पटेल के पिता सरदार सिंह पटेल को ‘आत्मनिर्भर भारत’ पुस्तक भेंट की और लोगों से स्वदेशी वस्तुएँ खरीदने का आह्वान किया।
दौरे के दौरान विधायक शर्मा ने पूर्व सरपंच एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश सोनी की दुकान पर बैठकर जनसमस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को क्षेत्र की शिकायतों और समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

इस मौके पर मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, पूर्व जनपद अध्यक्ष माखन सिंह यादव, मुकेश सोनी, बृजभूषण चौहान, धर्मेंद्र जैन, संतोष बघेल, डॉ. आबिद खान, रमेश कुशवाहा रामावतार शर्मा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हाट बाजार में विधायक के इस सहज और आत्मीय दौरे से लोगों में उत्साह का माहौल रहा। गाँववासियों ने इसे “जनसंपर्क का सच्चा उदाहरण” बताया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ