दशहरा पर्व के अवसर पर शुक्रवार को विदिशा पुलिस लाइन परिसर श्रद्धा और परंपरा का संगम बना, जब केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। इस अवसर पर पुलिस बल के उपयोग में आने वाले सभी शस्त्रों को सुसज्जित रूप से सजाकर पूजन-अर्चना के लिए प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न हुआ, जिसमें मंत्री श्री चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष, दोनों विधायक, कलेक्टर और एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने आहुति अर्पित की।
पूजन कार्यक्रम में विशेष रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी, कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे, विदिशा विधायक श्री मुकेश टण्डन, कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी, अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत चौबे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
दशहरा पर्व पर आयोजित यह शस्त्र पूजन कार्यक्रम केवल धार्मिक परंपरा का निर्वहन ही नहीं, बल्कि शौर्य और सुरक्षा के प्रतीक शस्त्रों के प्रति सम्मान का भी द्योतक रहा। पुलिस लाइन का पूरा वातावरण वैदिक मंत्रों, भक्ति और देशभक्ति की भावनाओं से गूंज उठा।




0 टिप्पणियाँ