खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा तीन दुकानें सील — बाजार में मचा हड़कंप

शिवपुरी में खाद की कालाबाजारी पर प्रशासन का तगड़ा एक्शन, 272 रुपए वाली खाद के कट्टे को 500 रुपए में बेचा जा रहा था.

शिवपुरी। किसानों को राहत देने और खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। मंगलवार को पोहरी में एसडीएम अनुपम शर्मा ने छापामार कार्रवाई करते हुए तीन दुकानों को सील कर दिया। इन दुकानों पर तय मूल्य से अधिक दाम पर यूरिया खाद बेचने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन को शिकायतें मिल रही थीं कि 272 रुपए प्रति कट्टा वाली खाद को 500 रुपए तक में बेचा जा रहा है। मंगलवार को जब एसडीएम अनुपम शर्मा ऑफिस जा रहे थे, तभी उन्हें दो किसान मिले जो 500 रुपए में खाद खरीदकर ले जा रहे थे। पूछताछ में किसानों ने बताया कि उन्होंने यह खाद इंडियन ट्रेडर्स दुकान से खरीदी है। सूचना पर तत्काल छापा मारा गया, जहां से 80 कट्टे यूरिया खाद सहित अन्य खाद की बोरियां जब्त की गईं और दुकान को सील कर दिया गया।

दुकान संचालक का दावा है कि उसने खाद शिवपुरी के गिर्राज ट्रेडर्स से 385 रुपए प्रति बोरी में खरीदी थी, लेकिन जांच में यह पाया गया कि वह 272 रुपए वाली सरकारी दर की खाद को महंगे दामों में बेच रहा था।

इसके अलावा प्रशासन ने झिरी और परिच्छा में भी दो और दुकानों पर कार्रवाई करते हुए दुकानों को सील कर दिया तथा जब्त खाद को किसानों के बीच सरकारी दर पर वितरण करवाया गया।

एसडीएम अनुपम शर्मा ने कहा, “किसानों को किसी भी स्थिति में ठगा नहीं जाने दिया जाएगा। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

इधर, कोलारस कृषि उपज मंडी में खाद के टोकन की ब्लैक मार्केटिंग करने वाले युवक राजकुमार पुत्र हरिचरण जाटव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बीते 20 अक्टूबर को वायरल हुए वीडियो में युवक किसानों को ब्लैक में टोकन बेचते हुए दिखाई दिया था। जांच में मामला सही पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। इस कार्रवाई से खाद माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं किसानों ने प्रशासन की इस सख्ती की सराहना की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ