घरेलू गैस सिलेण्डर का व्यवसायिक उपयोग करने पर 14 प्रतिष्ठानों पर कार्यवाही

विदिशा, 16 अक्टूबर 2025। कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार जिला आपूर्ति विभाग की टीम ने जिलेभर में औचक निरीक्षण कर घरेलू गैस सिलेण्डर के व्यवसायिक उपयोग पर बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान 14 प्रतिष्ठानों से 19 गैस सिलेण्डर और भट्टियां जप्त की गई हैं, जिनकी कुल कीमत 77 हजार 556 रुपये आंकी गई है।

लटेरी, विदिशा और कुरवाई में हुई संयुक्त कार्रवाई
जिला आपूर्ति अधिकारी अनिल तंतुवाय के मार्गदर्शन में तीनों अनुविभागों में निरीक्षण अभियान चलाया गया।
लटेरी अनुविभाग में श्रीमति अंजना एक्का द्वारा शर्मा मिष्ठान भंडार, गुरूकृपा भोजनालय, पंचवटी रेस्टोरेंट और जीजा नाश्ता कार्नर का निरीक्षण किया गया। यहां से पांच घरेलू गैस सिलेण्डर और भट्टियां जब्त की गईं, जिनकी कीमत 22,120 रुपये है।

इसी तरह विदिशा अनुविभाग क्षेत्र में पांच प्रतिष्ठानों से सात गैस टंकियां और पांच भट्टियां जब्त की गईं, जिनका मूल्य 33,154 रुपये है। वहीं कुरवाई अनुविभाग में खाद्य विभाग के अधिकारियों ने लोधी टी स्टॉल, हरी रेस्टोरेंट, अग्रवाल स्वीट्स, बिलाल अहमद की होटल और स्टूडेंट टी स्टॉल से सात गैस टंकियां और भट्टियां जब्त कीं, जिनकी कीमत 22,482 रुपये आंकी गई।
कानूनी कार्रवाई शुरू, सतत निरीक्षण जारी

जिला आपूर्ति अधिकारी श्री तंतुवाय ने बताया कि जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेण्डरों का उपयोग सार्वजनिक और व्यवसायिक कार्यों में किया जाना पाया गया, जो कि द्रवित पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियम) 2000 की कण्डिका 3(1)(ग) का उल्लंघन है।
इस पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही प्रारंभ की गई है।

कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों के अवैध व्यवसायिक उपयोग एवं भंडारण के विरुद्ध सतत कार्यवाही जारी रहेगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसे प्रकरणों की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ