गुना में डीएपी खाद का अवैध परिवहन पकड़ा, एफआईआर दर्ज

गुना। जिले के राघौगढ़ थाना क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने डीएपी खाद का अवैध परिवहन पकड़ लिया है। पुलिस ने बोलेरो पिकअप वाहन से 60 कट्टे डीएपी खाद जप्त किए हैं। यह कार्रवाई 20 सितम्बर की शाम करीब 7:30 बजे नियमित चेकिंग के दौरान की गई।

वाहन क्रमांक RJ 17 GV 2864 को रोककर पूछताछ करने पर उसमें सवार आरोपी लक्ष्मीनारायण लौधा (25 वर्ष), निवासी बुधवारा, तहसील मनोहर थाना, जिला झालावाड़ (राजस्थान) किसी भी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। न तो उसके पास खाद के परिवहन से संबंधित अनुमति थी और न ही भूमि स्वामित्व का कोई प्रमाण पत्र।

घटनास्थल पर पहुँची उर्वरक निरीक्षक एवं प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती आरती सिंह ने जांच कर खाद के अवैध परिवहन की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा बनाकर खाद को जब्त कर थाने की सुपुर्दगी में सुरक्षित रखा।

इस मामले में आरोपी लक्ष्मीनारायण लौधा के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7 के तहत राघौगढ़ थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ