अनूपपुर। मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा रेलवे स्टेशन के पास शनिवार देर रात एक रेल हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 से 12 बजे के बीच गोविंदा साइडिंग में कोयला लोड करने के लिए जा रही मालगाड़ी के दो डिब्बे पलट गए और चार डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
यात्रियों को करना पड़ा घंटों इंतजार
डिब्बे पलटने के बाद रेलवे अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। पलटे हुए डिब्बों को हटाने और पटरी को दुरुस्त करने का काम किया गया। इसके चलते छत्तीसगढ़ की ओर जाने वाली यात्री गाड़ियों के संचालन पर असर पड़ा। अंबिकापुर, चिरमिरी और महेंद्रगढ़ जैसे प्रमुख मार्गों के यात्रियों को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा। हादसा कोतमा स्टेशन से मात्र 100 मीटर की दूरी पर हुआ था।
बिलासपुर रेल मंडल के डीआरएम जनसंपर्क अधिकारी अंबिकेश साहू ने बताया कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और रेलवे की टीम ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि, "लाइन को सुरक्षित करने और यात्री गाड़ियों के संचालन को सुचारू करने का कार्य जारी है।"
रेलवे प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए टीम गठित कर दी है। जांच में हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा और भविष्य में सुरक्षा उपायों को और सख्त करने पर जोर दिया जाएगा।
यात्रियों से अपील
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और प्रशासन लगातार निगरानी एवं सुरक्षा उपायों पर काम कर रहा है।




0 टिप्पणियाँ