फिर सक्रिय हुआ मानसून, विदाई से पहले किसानों को देगा राहत

फिर सक्रिय हुआ मानसून, विदाई से पहले किसानों को देगा राहत
अगले 48 घंटे भारी बारिश, जाते-जाते तरबतर करेगा मानसून

भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून विदाई की तैयारी में है, लेकिन जाते-जाते प्रदेश के कई इलाकों को तरबतर करेगा। मौसम विभाग के अनुसार 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश (Heavy Rain) हो सकती है। गुरुवार को मंडला और रीवा में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि जबलपुर, उज्जैन, सिवनी, सीधी, सतना, उमरिया और बालाघाट में हल्की बरसात हुई।

अगले 10 घंटों में अलर्ट

मौसम विभाग ने मंडला और बालाघाट जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में झंझावत और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।

नया सिस्टम सक्रिय

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में नया मौसम तंत्र सक्रिय हो रहा है। अगले 12 घंटों में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है, जो 26 सितंबर तक दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्रप्रदेश तटों के पास अवदाब में बदल सकता है। इसके असर से मध्यप्रदेश के दक्षिण, पूर्वी और मध्य हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।

विदाई में अभी वक्त

प्रदेश के कुछ जिलों से मानसून विदा हो चुका है, लेकिन पूरे प्रदेश से मानसून की विदाई अक्टूबर के पहले सप्ताह या उसके बाद ही होने की संभावना है। यानी अगले कुछ दिनों तक बारिश से राहत मिलने की उम्मीद कम है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ