गोमांस पर जीरो जीएसटी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आंदोलन
26-27 सितंबर को विरोध प्रदर्शन, जीतू पटवारी बोले – “गाय नहीं कटने देंगे”
भोपाल। गोमांस पर जीरो जीएसटी लगाने के फैसले को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने घोषणा की है कि कांग्रेस 26 और 27 सितंबर को प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कथनी और करनी में फर्क रखती है। एक ओर वह खुद को “गोभक्त” बताती है, दूसरी ओर गाय के मांस पर जीरो टैक्स लगाकर उसके संरक्षण के खिलाफ काम कर रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि आंदोलन के पहले दिन 26 सितंबर को बड़े शहरों में विरोध प्रदर्शन होगा, जबकि 27 सितंबर को हर जिले और कस्बे में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि “हम गाय नहीं कटने देंगे। कांग्रेस सच्चे अर्थों में गाय माता की रक्षा करेगी और नकली गोभक्तों का चेहरा जनता के सामने लाएगी।”
पटवारी ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और माफियाओं को संरक्षण देने के भी आरोप लगाए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, “यह सिर्फ कांग्रेस का आरोप नहीं, बल्कि अब पूरे प्रदेश में कहा जा रहा है कि मध्यप्रदेश की सरकार माफिया की सरकार है। कोई एक विभाग बता दीजिए जहां बिना रिश्वत काम होता हो। भाजपा का विचार ही भ्रष्टाचार का है।”
उन्होंने नोटबंदी और जीएसटी को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। पटवारी ने कहा कि पिछले आठ साल में जीएसटी और नोटबंदी ने छोटे उद्योगों को बर्बाद कर दिया। “राहुल गांधी लगातार चेताते रहे कि यह कदम देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाएगा और अब वह सच साबित हुआ। भाजपा सरकार ने कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए पूरे देश की जनता के साथ छल किया है।”
गोमांस पर जीरो जीएसटी को लेकर पटवारी ने सवाल उठाया कि आखिर यह संदेश किसे देने के लिए है। “मोदी सरकार में भारत से सबसे ज्यादा गोमांस का निर्यात हुआ है। अब जीएसटी में गाय के मांस पर शून्य कर लगाकर सरकार एक्सपोर्ट को बढ़ावा दे रही है। हम इस नीति का विरोध करेंगे।”
कांग्रेस ने आंदोलन के दौरान गौशालाओं और सड़कों पर आवारा गायों की स्थिति को भी मुद्दा बनाने का ऐलान किया है। कार्यकर्ता इन गायों को घेरकर कलेक्टर कार्यालय तक ले जाएंगे और सरकार से उनके संरक्षण की व्यवस्था की मांग करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आंदोलन का मकसद भाजपा की कथनी और करनी के अंतर को उजागर करना है। उन्होंने कहा, “हम विश्व कल्याण की बात करते हैं, जिसमें गाय, अन्य प्राणी और मनुष्य सब शामिल हैं। भाजपा गाय के नाम पर सिर्फ वोट मांगती है और फिर वही उसके कत्ल का रास्ता खोलती है। कांग्रेस इस पाखंड का विरोध करेगी।”




0 टिप्पणियाँ