मुख्यमंत्री मोहन यादव की बड़ी घोषणाएँ: भावांतर योजना लागू


सागर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को सागर जिले के जैसीनगर में किसानों और बहनों के हित में कई बड़ी घोषणाएँ कीं। उन्होंने किसानों के लिए भावांतर योजना को फिर से लागू करने का ऐलान किया।

सीएम ने कहा कि अगर सोयाबीन की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से कम दर पर बिकती है, तो अंतर की राशि सरकार सीधे किसानों के खाते में जमा करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोयाबीन का MSP 5328 रुपए तय किया है। सीएम ने स्पष्ट किया, “अगर फसल 5000 रुपए में बिकेगी, तो 300 रुपए का अंतर सरकार देगी। कोई भी किसान घाटे में नहीं रहेगा।”

किसानों को करना होगा पंजीकरण

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसान अपनी फसल मंडियों में बेचेंगे। MSP से कम कीमत पर बिकने वाली सोयाबीन का पूरा अंतर सरकार देगी। इसके लिए किसानों का पंजीकरण अनिवार्य होगा, जिसकी प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि अतिवृष्टि या रोग से प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।

जैसीनगर का नया नाम और दर्जा

कार्यक्रम के दौरान डॉ. यादव ने जैसीनगर का नाम बदलकर जय शिवनगर करने की घोषणा की। साथ ही इसे नगर परिषद का दर्जा देने का ऐलान भी किया।

लाड़ली बहनों को भाई दूज से 1500 रुपए

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली के बाद भाई दूज से लाड़ली बहनों को 1500 रुपए की अगली किस्त दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार बहनों को लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

अन्य घोषणाएँ और कार्यक्रम

सीएम ने सिंगल विंडो प्रणाली के तहत घर-घर जल आपूर्ति और भविष्य में गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की जानकारी दी। कार्यक्रम स्थल पर कृषि, महिला एवं बाल विकास समेत कई विभागों की प्रदर्शनी लगी, जिसका मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री महाकवि सभागार पहुँचे और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती समारोह में शामिल हुए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ