विदिशा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार 27 सितम्बर को विदिशा जिले के कुरवाई में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे विभिन्न विभागों की योजनाओं से लाभांवित होने वाले हितग्राहियों को मंच से स्वीकृति पत्र और चेक प्रदान कर हितलाभ वितरित करेंगे।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने जानकारी दी कि कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत कुरवाई निवासी कुमारी राधिका (पिता धर्मेंद्र सिंह), ग्राम झागरिया निवासी कुमारी हर्षित (पिता आकाश) और वार्ड क्रमांक 5 निवासी कुमारी पुर्नविका जैन (पिता अमित जैन) को स्वीकृति पत्र दिए जाएंगे।
इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी छात्रवृत्ति प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत चेक वितरण, सुपोषण किट वितरण किया जाएगा। खाद्य नागरिक एवं आपूर्ति विभाग द्वारा नवीन पात्रता पर्ची दी जाएगी।
इसके अलावा, एसबीआई बैंक द्वारा एएफआई ट्रैक्टर ऋण, कस्टम हायरिंग कृषि यंत्र, हार्वेस्टर एवं कृषि ऋण स्वीकृति पत्र का वितरण किया जाएगा। कृषि विभाग द्वारा मृदा स्वास्थ्य कार्ड प्रदान किए जाएंगे। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत चेक दिए जाएंगे। वहीं, कृषि उपज मंडी समिति, विदिशा द्वारा मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना के तहत प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के हाथों होने वाले इस हितलाभ वितरण से विभिन्न योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।




0 टिप्पणियाँ