मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 27 सितम्बर को कुरवाई आएंगे

विदिशा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार 27 सितम्बर को विदिशा जिले के कुरवाई शहर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे, साथ ही योजनाओं से लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित करेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार को प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी (स्वतंत्र प्रभार) राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल कुरवाई पहुँचे। उन्होंने हेलीपेड स्थल रूसिया और शासकीय महाविद्यालय कुरवाई स्थित मुख्य आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए और आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे, विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन, कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री के रवाना होने के बाद कलेक्टर श्री गुप्ता ने आयोजन से जुड़ी जबावदेही संभाल रहे अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर कार्यों की समीक्षा की।

बताया गया कि कार्यक्रम स्थल परिसर में 14 विभागों की प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। वहीं, समारोह के कवरेज के लिए मीडिया बंधुओं हेतु विशेष प्रबंध किए गए हैं। मुख्य मंच के सामने दाहिनी ओर मीडिया प्रतिनिधियों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मीडियाकर्मी अपने संस्थान द्वारा जारी पहचान पत्र दिखाकर मीडिया प्रकोष्ठ कक्ष से प्रवेश पा सकेंगे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ