आनंदपुर में धूमधाम से निकली जलझूलनी ग्यारस की शोभायात्रा

आनंदपुर । नगर में जलझूलनी ग्यारस के अवसर पर परंपरागत डोला जल विहार शोभायात्रा का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव से किया गया। राज मंदिर से भगवान का डोला जल विहार के लिए निकला, जो सबसे पहले शिव मंदिर पहुँचा। वहां विधि-विधान से पूजा अर्चना के बाद डोला मुख्य मार्ग से होते हुए आनंदपुर के पूर्व सरपंच मुकेश सोनी के मुख्य द्वार पहुँचा, जहाँ भगवान की आरती और पूजन किया गया।
मुख्य द्वार से आगे बढ़ते हुए शोभायात्रा थाने के पास पहुँची, जहाँ भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा ने डोले में विराजमान भगवान की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
यात्रा के दौरान डीजे की धुन पर बूढ़े-बच्चे सभी श्रद्धालु नाचते-गाते हुए चल रहे थे। कहीं फूल-मालाओं से स्वागत हो रहा था तो कहीं श्रद्धालु गुलाल उड़ाकर उल्लास व्यक्त कर रहे थे। बापचा चौराहा पर पारंपरिक मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसके बाद डोला नगर की गली-गली से होते हुए विभिन्न द्वारों और स्थानों पर भक्तों ने पूजा-पाठ किया। जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा — ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की।’

शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पैदल शामिल हुए और नगर परिक्रमा करते हुए डोला पुनः राज मंदिर पहुँचा, जहाँ भगवान का विश्राम कराया गया। राज मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित गणेश महाराज ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान को डोले में विराजमान कर नगर की सैर कराई गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ