मुरवास। आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के उद्देश्य से मुरवास थाना प्रांगण में शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार जगनप्रसाद सौर एवं थाना प्रभारी रघुराज रघुवंशी ने की।
बैठक में दोनों अधिकारियों ने झांकी एवं आयोजन समितियों से विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि नवरात्रि के दौरान जिन स्थानों पर झांकियां लगाई जानी हैं, उनकी पूरी जानकारी समय पर प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि वहां आवश्यक व्यवस्थाएं की जा सकें।
तहसीलदार सौर ने अपील की कि सभी लोग त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने झांकी समितियों को बिजली के तारों व लाइट व्यवस्था में सावधानी बरतने, पंडालों में रात्रि विश्राम की व्यवस्था करने, विसर्जन के समय बच्चों को घाट से दूर रखने, नाव-ट्यूब जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पंडालों में अग्निशमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपस्थित नागरिकों ने बिजली कटौती की समस्या भी उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि नवरात्रि पर्व के दौरान लगातार बिजली कटौती से धार्मिक कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं। इस पर तहसीलदार व थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि पर्व के दौरान बिजली की आपूर्ति सुचारु रखने के लिए विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा।
बैठक में तहसीलदार जगनप्रसाद सौर, थाना प्रभारी रघुराज रघुवंशी सहित क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक, ग्रामीण एवं नवदुर्गा समितियों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ