मुरवास। सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) लटेरी पुष्पेंद्र वर्मा ने विगत दिवस विकासखंड की विभिन्न शालाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों की मॉनिटरिंग की और विद्यालय प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दोपहर 1:20 बजे बीईओ वर्मा मॉडल स्कूल लटेरी पहुंचे, जहां प्रभारी प्राचार्य राजेंद्र नामदेव से विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद 2:30 बजे पीएम श्री विद्यालय रूसिया का निरीक्षण किया गया। यहां एक अतिथि शिक्षिका अनुपस्थित पाई गई। इस पर बीईओ ने प्राचार्य को निर्देश दिए कि अनुपस्थित शिक्षिका का उस दिवस का वेतन आहरित न किया जाए। कक्षाओं का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से शैक्षणिक स्तर की जानकारी भी ली गई।
दोपहर 3:13 बजे उमावि मुरवास में निरीक्षण के दौरान "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत विद्यार्थियों के साथ वृक्षारोपण किया गया। बीईओ वर्मा ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालय नियमित और सुव्यवस्थित रूप से संचालित हों तथा विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि त्रैमासिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के 20-20 के समूह बनाकर एक मॉडल शिक्षक नियुक्त किया जाए और उनकी शैक्षणिक प्रगति की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए। इसके साथ ही, 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा अभियान में समस्त गतिविधियां तिथि-वार आयोजित हों।
बीईओ ने निर्देश दिए कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान में हर विद्यार्थी अपनी मां के साथ एक पौधा लगाए। वहीं सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत बच्चों की रुचि अनुसार खेलों की काउंसलिंग कराकर उनका पंजीयन पोर्टल पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।




0 टिप्पणियाँ