लाड़ली बहना योजना पर बीजेपी विधायक का विवादित बयान, कांग्रेस ने साधा निशाना

विदिशा। मध्यप्रदेश की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना को लेकर कुरवाई से बीजेपी विधायक हरि सिंह सप्रे का बयान विवादों में आ गया है। एक सभा के दौरान उन्होंने योजना को लेकर सरकार पर ही सवाल खड़े करते हुए कहा कि "सरकार महिलाओं को फ्री फंड में पैसा बांट रही है।" उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सभा में दिया विवादित बयान

24 सितंबर को कुरवाई क्षेत्र में आयोजित सभा के दौरान विधायक हरि सिंह सप्रे ने लोगों से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि "सरकार महिलाओं को फ्री फंड में पैसा बांट रही है, तो कम से कम उनकी सभा में पहुंचकर कुछ तो निभा लो।" उन्होंने सभा में मौजूद महिलाओं से यह भी कहा कि कोई भी फसल काटने मत जाना, सभी को मुख्यमंत्री की सभा में उपस्थित रहना है।
सियासी गलियारों में मचा हड़कंप

विधायक के इस बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। भाजपा के ही कार्यक्रम को लेकर उनके बयान ने पार्टी को असहज स्थिति में खड़ा कर दिया है।

कांग्रेस का पलटवार

कांग्रेस ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता सुभाष बोहत ने कहा कि, "हरि सिंह सप्रे तीन बार विधायक रह चुके हैं और सत्ता का घमंड उनके सिर चढ़ गया है। लाड़ली बहनों के लिए इस तरह की टिप्पणी न केवल महिलाओं का अपमान है, बल्कि हिंदुत्व का भी अपमान है।" उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक धमकाकर लोगों को सीएम के सरकारी कार्यक्रम में बुला रहे हैं और महिलाओं का अपमान कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

विधायक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें साफ तौर पर वे महिलाओं से कह रहे हैं कि योजना के नाम पर मिलने वाली राशि को ‘फ्री फंड’ बता रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ