मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुरवाई को दी 258 करोड़ की सौगात


गरीब कल्याण और प्रदेश के चहुँमुखी विकास के लिये योजनाबद्ध कार्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल, 27 सितम्बर 2025।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार गरीब कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। किसानों की बेहतरी के लिए राज्य सरकार के पास राशि की कोई कमी नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास के हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और मध्यप्रदेश भी इसमें निरंतर योगदान दे रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को विदिशा जिले के कुरवाई में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कुरवाई और विदिशा जिले के विकास के लिए 258 करोड़ रुपए की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने 92 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से 46 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 165 करोड़ रुपए की लागत से 34 कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित केन-बेतवा लिंक परियोजना के मॉडल का अवलोकन भी किया।
किसानों के लिए ठोस कदम

डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में भावांतर योजना लागू कर दी गई है। सोयाबीन की बिक्री पर किसानों को 5328 रुपए प्रति क्विंटल का लाभ मिलेगा, अंतर की राशि सरकार सीधे 15 दिन में किसानों के खातों में जमा करेगी। विदिशा जिले में खराब फसलों का सर्वे कर किसानों को राहत राशि और बीमा लाभ दिलाया जाएगा।

बहनों और बच्चों के लिए घोषणाएँ

मुख्यमंत्री ने बताया कि दीपावली के बाद भाई-दूज पर लाड़ली बहनों को 1500 रुपए की राशि दी जाएगी। बच्चों के लिए शिक्षा सुविधाओं में स्कूटी, नि:शुल्क पुस्तकें, साइकिल, छात्रवृत्ति और छात्रावास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रदेश में सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्वदेशी और स्वास्थ्य पर बल

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के आह्वान पर स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए ‘राहवीर योजना’ में घायल की जान बचाने वाले को 25 हजार रुपए का प्रोत्साहन दिया जाएगा। गंभीर मरीजों के लिए एयरलिफ्ट सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएँ

"नगर परिषद कुरवाई के विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपए।

"पठारी में महाविद्यालय की स्थापना।

"कुरवाई में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तरों तक उन्नत करना।

"बीना रिफाइनरी के सहायक उत्पादों हेतु औद्योगिक क्षेत्र का विकास।

"कुरवाई, लटेरी और नटेरन में 50-50 बिस्तरों के नए छात्रावास।

"कुरवाई और विदिशा में 10 करोड़ की लागत से जनपद पंचायत भवन।

"सिरोंज सहित अन्य स्थानों पर 6 करोड़ की लागत से हाई स्कूल भवन।

"लटेरी और ग्यारसपुर में 87 करोड़ की लागत से सांदीपनि स्कूल और क्रिटिकल केयर अस्पताल।

"कुरवाई में बेतवा नदी पर घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण।

"उदयपुर श्रीगणेश मंदिर से कुल्हार तक सड़क निर्माण।

"उदयपुर में नीलकंठेश्वर कॉरिडोर का निर्माण।


जनसम्पर्क और संवाद

मुख्यमंत्री ने स्थानीय प्रबुद्धजनों से संवाद कर विकास संबंधी सुझाव लिए। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कुरवाई प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव रोड-शो में शामिल हुए और नागरिकों का पुष्पवर्षा से स्वागत हुआ।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री लखन सिंह पटेल, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायकगण एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ