विदिशा, 27 सितम्बर 2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज कुरवाई में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री जी का आगमन रुसिया स्थित हेलीपैड पर हुआ, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
हेलीपैड स्थल पर जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल, विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन, कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे, गंज बासौदा विधायक श्री हरिसिंह रघुवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री जी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। स्वागत करने वालों में भोपाल आईजी श्री अभय सिंह, कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता तथा पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी भी शामिल रहे।
नगर आगमन पर मुख्यमंत्री जी का जगह-जगह सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनों ने भव्य स्वागत किया। नगरवासियों ने फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया, वहीं बच्चों ने गुलाब की पंखुड़ियों की बौछार से स्वागत कर उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री जी ने भी सभी का अभिवादन स्वीकार किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को फलों से तोला गया तथा बीना विधायक निर्मला सप्रे ने गदा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर ढोल-ढमाकों, ढपली की थाप और पारंपरिक लहंगी नृत्य ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
मुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में सकल जैन समाज कुरवाई, पंचायत सचिव संगठन, अहिरवार समाज, राज्य शिक्षक संघ, अखिल भारतीय पाल महासभा, मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संगठन, मध्य प्रदेश पटवारी संघ, भारतीय किसान संघ पठारी एवं कुरवाई, साहू समाज, सर्व ब्राह्मण समाज, अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा, दांगी समाज कुरवाई सहित अनेक संगठन प्रमुख रहे।




0 टिप्पणियाँ