प्रशासनिक फेरबदल : प्रदेश में नौ आईएएस अधिकारियों के तबादले

भोपाल, 30 सितम्बर 2025। मध्यप्रदेश शासन ने मंगलवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नौ आईएएस अधिकारियों की नई पदस्थापना की है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं, वहीं कुछ अधिकारियों को शासन स्तर पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार पन्ना कलेक्टर रहे सुरेश कुमार (2010 बैच) को चंबल संभाग, मुरैना में संभागीय संयुक्त आयुक्त पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं छिंदवाड़ा कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह (2010 बैच) को नगरीय विकास एवं आवास विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। डिंडोरी कलेक्टर नेहा मारव्या सिंह (2011 बैच) को भोपाल में विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्धघुमक्कड़ जनजाति के संचालक पद पर भेजा गया है।

मुरैना कलेक्टर संजय श्रीवास्तव (2011 बैच) को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि भोपाल संभाग में अपर आयुक्त (राजस्व) रहीं उषा परमार (2011 बैच) को कलेक्टर पन्ना बनाया गया है। इसी तरह नगरीय विकास एवं आवास विभाग में अपर सचिव शिवराज सिंह वर्मा (2011 बैच) को भोपाल संभाग का अपर आयुक्त (राजस्व) पदस्थ किया गया है।

रतलाम कलेक्टर राजेश वायस (2012 बैच) को वन विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। श्रम विभाग इंदौर में संयुक्त आयुक्त रजनी सिंह (2013 बैच) को कलेक्टर नरसिंहपुर नियुक्त किया गया है। वहीं भोपाल में विमुक्त घुमक्कड़ एवं अर्धघुमक्कड़ जनजाति के संचालक नीरज कुमार वर्मा (2013 बैच) को कलेक्टर पांडुर्ना के पद पर पदस्थ किया गया है।

प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू होंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ