कलेक्टर ने सुनी जन समस्याएं, मौके पर 45 आवेदनों का हुआ निराकरण



विदिशा। जिला कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने स्वयं आवेदकों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। इस अवसर पर कुल 83 आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 45 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों पर संबंधित विभागों को समयसीमा निर्धारित कर कार्यवाही करने एवं उसकी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान विभागवार और खंडस्तरीय स्तर पर प्राप्त आवेदनों का ब्यौरा अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत किया गया। वहीं, पिछली जनसुनवाई में लंबित रहे आवेदनों पर हुई कार्यवाही की जानकारी भी साझा की गई।

जनसुनवाई कक्ष के समीप स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपचार शिविर एवं आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य संपादित किया गया। साथ ही आधार केंद्र के माध्यम से नाम, पता आदि सुधार से जुड़े कार्य किए गए। जनसुनवाई में पहुंचे आवेदकों एवं उनके साथ आए लोगों का चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।

कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का समय पर और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर, जिला पंचायत सीईओ श्री ओ.पी. सनोडिया, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मोहिनी शर्मा, सुश्री निकिता तिवारी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ