सिरोंज में नवरात्रि महापर्व की धूम, पांच दर्जन स्थानों पर सजेगी देवी प्रतिमाएं


सिरोंज। शक्ति की आराधना का पर्व शारदीय नवरात्रि सोमवार, 22 सितंबर से विधिवत रूप से प्रारंभ होगा। नगर में देवी भक्तों में उत्साह का माहौल है। गाजे-बाजों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु धूमधाम से प्रतिमाओं की स्थापना करेंगे। जानकारी के अनुसार, इस बार नगर में करीब पांच दर्जन से अधिक स्थानों पर देवी प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी।

नवरात्रि महापर्व के नौ दिनों तक नगर में धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलेगा। जगह-जगह देवी पूजन, हवन और भजन संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु माता रानी की भक्ति में लीन होकर वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।
पर्व को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। विभिन्न समितियों के सदस्य दिन-रात झांकियों एवं पंडालों की साज-सज्जा में जुटे हैं। वहीं, स्थानीय कलाकार देवी प्रतिमाओं को आकर्षक स्वरूप देने के लिए अंतिम रूपरेखा तैयार करने में व्यस्त हैं।

नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर रंग-बिरंगी झांकियां सजेंगी, जहां श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। नवरात्रि की तैयारियों से पूरे शहर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ