अपूर्ण आवास बनाने और दोहरी योजना का लाभ लेने वालों से 3.61 लाख की वसूली

छतरपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पात्र हितग्राहियों को पक्का मकान बनाने के लिए दी जाने वाली वित्तीय सहायता का दुरुपयोग करने वालों पर प्रशासन सख्त हो गया है। कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल के निर्देशन और एसडीएम श्री अखिल राठौर के नेतृत्व में नगरपालिका द्वारा अपूर्ण आवास और दोहरे लाभ लेने वालों से वसूली की कार्रवाई जारी है।

सोमवार को नगरपालिका की टीम ने मौके पर पहुँचकर 6 परिवारों से कुल 3 लाख 61 हजार रुपये की वसूली की। इसमें आरती कुशवाहा और संतोष बसोर से 1-1 लाख रुपये, उमा कुशवाहा, नफीस मंसूरी और कुंदन मंसूरी से 50-50 हजार रुपये तथा ज्ञान अनुरागी से 11 हजार रुपये की राशि वसूल की गई।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी माधुरी शर्मा ने बताया कि योजना में अब तक 72 लाख रुपये की वसूली की जानी है। कई मामलों में पति-पत्नी दोनों ने अलग-अलग नाम से लाभ लिया है, जबकि परिवार में केवल एक व्यक्ति को ही राशि मिलनी चाहिए थी। शासन से ली गई गलत राशि वापस कराई जा रही है। साथ ही जिन हितग्राहियों ने मकान का कार्य पूरा नहीं किया है, उन्हें भी समझाइश दी जा रही है।
प्रशासन ने साफ किया है कि वसूली की यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ