भोपाल। मध्यप्रदेश में लव जिहाद और दुष्कर्म के आरोपी मछली परिवार पर कानूनी शिकंजा कसने के साथ ही अब इस मुद्दे ने सियासी रंग ले लिया है। आरोप है कि प्रदेश सरकार और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता इस परिवार को संरक्षण देते रहे हैं। विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने रविवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर मंत्रियों विश्वास सारंग और कृष्णा गौर पर कार्रवाई की मांग की। पटवारी ने पत्र में लिखा कि मछली परिवार को सत्ता और संगठन से लगातार मदद मिलती रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब खुद मुख्यमंत्री ने कहा कि "हमारी सरकार ने मछली, मगर सबको ठिकाने लगाया है", तो फिर आरोपी परिवार से जुड़े मंत्रियों पर कार्रवाई कब होगी।

इसी मामले पर समाजवादी पार्टी ने भी प्रदेश सरकार को घेरा। सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने आरोप लगाया कि आरोपी शारिक मछली किसी मंत्री के बच्चों की फीस चुका रहा था। हालांकि उन्होंने मंत्री का नाम सार्वजनिक नहीं किया। यादव ने यह भी कहा कि सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग के विभाग के रहते मछली परिवार की अवैध समितियों के टेंडर अब तक निरस्त क्यों नहीं किए गए।

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश के मंत्री आरोपी के साथ बुलेट पर घूमते रहे और सेल्फी तक ली। उन्होंने कोलुआ की 24 एकड़ जमीन और बैंक खातों की जांच की मांग भी की।

फिलहाल कांग्रेस और सपा के लगातार हमलों के बीच मुख्यमंत्री और भाजपा संगठन पर दबाव बढ़ रहा है। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि सरकार मंत्रियों पर कार्रवाई करती है या नहीं।