विदिशा। कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में शनिवार को कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने सर्व शिक्षा अभियान अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोड़िया, संयुक्त कलेक्टर एवं जिला नोडल अधिकारी श्रीमती शशि मिश्रा, डीपीसी, समस्त बीईओ, बीआरसी तथा निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग करने वाले इंजीनियर मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने समयसीमा में निर्माण कार्य पूरे न होने पर गंभीर नाराजगी जताते हुए संबंधित डीपीसी व इंजीनियर का वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं, जिन इंजीनियरों ने तय अवधि से पहले कार्य पूर्ण कराया, उनकी सराहना करते हुए उन्हें अन्य विकासखंडों की जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समय पर निर्माण कार्य पूरे होने से विद्यार्थियों को अनेक समस्याओं से राहत मिलती है। कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों में प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा कर उन्हें अधिक छात्र संख्या और कक्षाभाव वाले स्कूलों में प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। बाउंड्रीवाल, शौचालय निर्माण व मरम्मत कार्य लंबे समय से लंबित रहने पर उन्होंने असंतोष जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्यवाही करने को कहा।
बैठक में स्कूलों में एकल बैंक खाता संचालन पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मध्यान्ह भोजन, निर्माण और अन्य मदों के लिए अलग-अलग खाते संचालित न हों। वर्तमान में 421 अलग-अलग खाते बंद कर एकल खाता व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। भविष्य में नए खाते खोलने से पहले जिला पंचायत सीईओ की अनुमति अनिवार्य होगी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष शौचालय मरम्मत के लिए राशि जारी की गई थी, किंतु कार्य अभी शत-प्रतिशत पूर्ण नहीं हो पाए हैं। समीक्षा बैठक में वर्षवार स्वीकृत निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति का पावर प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया।




0 टिप्पणियाँ