सतना में शिवराज सिंह चौहान का काफ़िला रोका, कांग्रेस विधायक ने उठाई किसानों की समस्या

वीडियो देखने के लिए क्लिक करें
सतना, 11 सितंबर 2025 — केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को अपने अल्प प्रवास पर सतना पहुंचे। इस दौरान लौटते वक्त पीएम श्री महाविद्यालय के सामने भारी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने उनका काफ़िला रोक लिया।

कांग्रेस विधायक व ज़िला अध्यक्ष सिद्धार्थ सुखलाल कुशवाहा उर्फ डब्बू ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर खाद संकट को लेकर नारेबाज़ी की और किसानों की समस्याएँ सीधे केंद्रीय मंत्री के सामने रखीं।

भीड़ देखकर शिवराज सिंह चौहान अपनी कार से उतरे और लोगों के बीच पहुंचे। विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि “आपके होते हुए किसानों को खाद नहीं मिल रही है, ऊपर से प्रशासन किसानों पर लाठीचार्ज कर रहा है। युवा संवाद के नाम पर टॉफ़ी दी जा रही है, जबकि हमें किसान संवाद चाहिए।”

केंद्रीय कृषि मंत्री ने जवाब दिया कि वे राजनीति करने या मीडिया में आने नहीं आए हैं, बल्कि जनता के बीच खड़े होकर समस्याएँ सुनने आए हैं। उन्होंने कहा कि वे रोज़ किसान संवाद करते हैं और राज्य सरकार से समाधान पर चर्चा करते रहते हैं। समस्याएँ सुनने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने भीड़ से पूछा – “क्या मैं अब जाऊं?”

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान काले झंडे भी दिखाए और ज़ोरदार नारेबाज़ी की।

सतना आगमन के दौरान शिवराज सिंह चौहान अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ रेवांचल एक्सप्रेस से पहुँचे। उन्होंने पूर्व पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य लक्ष्मी यादव और पूर्व महापौर ममता पांडेय के परिवारजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ