लाखों रुपए खर्च, फिर भी खस्ताहाल सड़क
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में बनी सड़क एक साल में टूटी
बापचा से महोटी मार्ग पर गड्ढे, प्रशासन मौन
शुभम सोनी आनंदपुर लटेरी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत एक साल पहले उनारसीकला से महोटी तक 4.54 किलोमीटर लंबा मार्ग बनाया गया था। करोड़ों की लागत से बने इस मार्ग पर अब जगह-जगह गड्ढे और दरारें पड़ गई हैं। प्रशासनिक लापरवाही और निर्माण के दौरान अधिकारियों की निरीक्षण में गड़बड़ी के चलते आज सड़क की हालत खस्ताहाल हो चुकी है।
महोटी, शेरगढ़, झूमरउमरिया, आमझिर और जरसेना के ग्रामीण रोजाना इसी मार्ग से गुजरते हैं। लेकिन टूटी-फूटी सड़क पर वाहन चलाना बेहद जोखिम भरा है।
महोटी के समाजसेवी अनिल कुशवाहा ने बताया कि डामर कई जगह से उखड़ गया है। मोटरसाइकिल चलाना तो जैसे किसी खतरे से कम नहीं, वाहन लगातार डगमगाते रहते हैं।
शेरगढ़ निवासी अमन कुर्मी ने कहा कि गड्ढों के कारण सफर करना मुश्किल हो गया है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं।
यह मार्ग महोटी और शेरगढ़ को जोड़ने के साथ-साथ क्षेत्र के प्रमुख सिद्ध स्थल आमझिर तक जाने का एकमात्र सीधा रास्ता है। श्रद्धालु और ग्रामीण लगातार यहां से गुजरते हैं, इसके बावजूद सड़क की मरम्मत तक नहीं कराई गई है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में बनी सड़क महज़ दो साल भी ठीक नहीं टिक पाई, तो इसके पीछे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क दुरुस्त करने की मांग की है।




0 टिप्पणियाँ