MP में मुख्यालय छोड़ना अब भारी पड़ेगा, मोबाइल बंद मिला तो होगी कार्रवाई

भोपाल। प्रदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यालय पर ही रहने की सख्त हिदायत दी गई है। आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर प्रबंधन की ओर से कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। खासकर प्रदेश की बिजली कंपनियां इस निर्देश पर सख्ती से अमल चाहती हैं ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने इस संबंध में बेहद सख्त निर्देश जारी किए हैं। कंपनी ने कहा है कि बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वालों का भत्ता बंद कर दिया जाएगा और अनुशासनात्मक कार्रवाई भी होगी।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सभी नियमित, संविदा और सेवा प्रदाता कर्मचारी ड्यूटी समाप्ति के बाद भी मुख्यालय पर मौजूद रहें। साथ ही 24x7 दिवस और अवकाश में भी सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अपना मोबाइल फोन चालू रखना होगा।

दरअसल, प्राकृतिक या अन्य कारणों से बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में यदि संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपलब्ध न हों और उनका मोबाइल भी बंद मिले, तो गड़बड़ी दूर करने में अधिक समय लगता है। इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है और शिकायतें भी बढ़ जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने अब सख्त रुख अपनाया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ