कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देश पर खेतों में पहुँचे अधिकारीें गिरदावरी सत्यापन कार्य युद्ध स्तर पर जारी

विदिशा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशानुसार जिले में गिरदावरी सत्यापन कार्य तेजी से संचालित किया जा रहा है। एसडीएम व तहसीलदार स्वयं खेतों में पहुँचकर सारा एप के माध्यम से फसलों का मौके पर सत्यापन कर जानकारी दर्ज कर रहे हैं।

बासौदा में सोयाबीन व मक्का की गिरदावरी जांच

बासौदा एसडीएम श्री विजय राय ने ग्राम कंजना हल्का क्रमांक 39 में कृषक श्री प्रकाश दांगी के खसरा नंबर 56 में सोयाबीन फसल तथा भू-स्वामी श्री धन सिंह सिलावट के खसरा नंबर 27/4 में मक्का फसल की गिरदावरी का सत्यापन किया।

ग्राम पिपरिया और गुलाबगंज क्षेत्र में जांच
अधीक्षक भू-अभिलेख श्रीमती सविता पटेल ने बताया कि गुलाबगंज तहसील की राजस्व अधिकारी श्रीमती पलक पिडिहा ने ग्राम पिपरिया में कृषक श्री अजय सिंह/श्री नत्थू सिंह के सर्वे नंबर 236/0.418 में मक्का फसल की जांच की।

आनंदपुर, रसूलपुर और पठारी तहसीलों में भी सत्यापन

आनंदपुर तहसील के ग्रामों में सोयाबीन फसल की जांच की गई। रसूलपुर में तहसीलदार श्री हेमंत अग्रवाल ने सोयाबीन फसल का सत्यापन किया। वहीं पठारी तहसील के ग्राम कांकरखेड़ी और पदम्याई में तहसीलदार श्री अभिषेक पांडे ने फसलों की गिरदावरी जांच कर सारा एप पर डाटा अपलोड किया।

डिजिटल तकनीक से कार्य पारदर्शी
अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण/फसल गिरदावरी का कार्य स्थानीय युवाओं और पटवारियों द्वारा मोबाइल ऐप ‘सारा’ के माध्यम से किया जा रहा है। राजस्व अधिकारियों द्वारा इसका भौतिक सत्यापन किया जा रहा है, ताकि ई-उपार्जन कार्य के दौरान किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो और वास्तविक फसल का क्रय सुगमता से हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ