उनारसीकलां लौट रहे मैनेजर को बदमाशों ने रास्ते में रोका और लूट लिया

शराब कंपनी मैनेजर की बाइक और मोबाइल पर बदमाशों ने डाला हाथ
42 हजार का सामान लूटा, पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर मामला दर्ज किया

उनारसीकलां/आनंदपुर। ग्राम कालादेव-उनारसीकलां मार्ग पर बीती रात एक व्यक्ति से तीन अज्ञात बदमाशों ने मोटरसाइकिल और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमालया ट्रेडर्स शराब कंपनी की उनारसीकलां स्थित दुकान में मैनेजर के पद पर कार्यरत पीड़ित रात करीब 9 बजे ग्राम कालादेव से अपनी काले रंग की मोटरसाइकिल एचएफ डीलक्स (क्रमांक MP-40-ZH-2299) से घर लौट रहा था। तभी कंजी वाला नाला, आम रोड ग्राम कालादेव के पास लाल रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया।
बताया गया कि पीड़ित के मोटरसाइकिल रोकते ही आरोपियों ने उसकी जेब से झपट्टा मारकर रियलमी कम्पनी का मोबाइल (जियो सिम, नम्बर 7247395006) छीन लिया और उसकी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। बदमाश अपनी बाइक से भी मौके से भाग निकले।

पीड़ित ने बताया कि घटना रात के अंधेरे में होने से वह आरोपियों का चेहरा और मोटरसाइकिल का नम्बर नहीं देख सका। घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी भी नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने ग्राम कालादेव पहुंचकर अपने घरवालों व शराब कम्पनी आनंदपुर के मैनेजर को फोन कर घटना की जानकारी दी और काफी तलाश करने के बाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पीड़ित के अनुसार, उसकी मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 40 हजार रुपये और मोबाइल की कीमत लगभग 2 हजार रुपये है। कुल मिलाकर करीब 42 हजार रुपये का मशरूका बदमाश ले गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ