“मोहल्लेवासी खुद कर रहे रातभर पहरा”
_नींद हराम, चोरी की आशंका… पुलिस पर ढिलाई के आरोप_
आनंदपुर। नगर आनंदपुर में बीते कई दिनों से अज्ञात लोगों की रहस्यमयी हलचल से लोग सहमे हुए हैं। रात गहराते ही कुछ अजनबी लोग छतों और गलियों में घूमते देखे जा रहे हैं। यह सिलसिला लगातार तीन-चार दिनों से जारी है, जिससे पूरे नगर में दहशत का माहौल है। नगर में निवास कर रहे नागरिकों का कहना है कि कहीं यह लोग चोरी की साजिश तो नहीं रच रहे।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
चौरसिया मोहल्ले में लोगों ने दो दिन पहले थाना आनंदपुर पहुंचकर लिखित आवेदन भी दिया था। लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई गश्त या कार्रवाई न होने से लोगों का आक्रोश बढ़ गया है। रात भर जगकर पहरा देने को मजबूर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर पुलिस क्यों हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
अनिल सेन ने बताया, “रात में अज्ञात लोग घरों के आसपास चक्कर लगाते हैं। महिलाएं-बच्चे डर के साए में जी रहे हैं। कोई बड़ी घटना होने से पहले पुलिस को सक्रिय होना चाहिए।”
संजीव राजपूत ने कहा, “लगातार तीन दिन से अजनबी लोग मोहल्ले में घूम रहे हैं। उनका अंदाज़ा लगाना मुश्किल है, पर लगता है जैसे चोरी की मंशा से टोह ले रहे हों।”
एक अन्य निवासी ने खुलासा किया कि “दो दिन पहले रात को करीब 12 बजे मैं छत पर टहल रहा था, तभी मुझे कुछ अनजान लोग घूमते नजर आए। वे मोहल्ले के नहीं थे और देखकर ही संदेह हुआ।”
पुलिस की चुप्पी पर सवाल
लोगों का कहना है कि आवेदन देने के बावजूद पुलिस ने न तो गश्त बढ़ाई, न ही किसी संदिग्ध को पकड़ा। इस ढिलाई से अपराधियों के हौसले बुलंद हो सकते हैं।
नगरवासियों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द ही पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण नहीं किया, तो चोरी या कोई अप्रिय घटना हो सकती है। लोग दिन में काम पर और रात में पहरेदारी करने पर मजबूर हो गए हैं।
इनका कहना
“आपके माध्यम से जानकारी मिली है। मैं तत्काल आनंदपुर थाना प्रभारी को निर्देश दूंगा कि रात में गश्त बढ़ाई जाए और पुलिस स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाए।”
एसडीओपी लटेरी अमरीश बोहरे




0 टिप्पणियाँ