सिरोंज विदिशा । ज़िले में रविवार का दिन भावुक कर देने वाला रहा, जब सिरोंज के वरिष्ठ समाजसेवी एवं व्यवसायी श्री अरविंद कुमार जैन (66) के आकस्मिक निधन के बाद, उनके देहदान के संकल्प को पूरा करते हुए उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई।
मध्यप्रदेश शासन के आदेशानुसार, अंगदान करने वाले दिवंगत व्यक्तियों को गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित करने की नई पहल के तहत विदिशा ज़िले में यह पहला अवसर था जब किसी देहदानी को इस सम्मान से नवाज़ा गया।
करीब 18 वर्ष पूर्व, विदिशा के समाजसेवी विकास पचौरी के माध्यम से अरविंद जैन ने देहदान का संकल्प लिया था। हृदयगति रुकने से उनके निधन के बाद, परिजनों एवं समाजजनों की उपस्थिति में इस संकल्प को निभाते हुए उनका पार्थिव शरीर एम्स की एंबुलेंस से शासकीय मेडिकल कॉलेज, विदिशा पहुंचाया गया।
सरल और मिलनसार व्यक्तित्व
जैन जी अपनी सरलता, मिलनसार स्वभाव और समाजसेवा के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे। नगर और आसपास के क्षेत्रों में उनके निधन से शोक की लहर दौड़ गई। जन चेतना मंच के प्रदेश अध्यक्ष गोवर्धन शर्मा ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा—
"जैन जी संगठन के बड़े समर्थक थे, समय-समय पर उनका सहयोग मिलता रहा। उनका यह देहदान का कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।"
राज्य सरकार की प्रेरक पहल
राज्य सरकार ने अंगदान को बढ़ावा देने के लिए यह निर्णय लिया है कि अंगदान करने वालों को मृत्यु के बाद गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता और प्रेरणा का संदेश देने की उम्मीद है।




0 टिप्पणियाँ