अमेरिका के टैरिफ फैसले के खिलाफ आनंदपुर में जन चेतना मंच का उग्र प्रदर्शन

आनंदपुर (विदिशा) — अमेरिका द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाने के फैसले के विरोध में शनिवार को जन चेतना मंच के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन हुआ। शाम 4 बजे आनंदपुर पुलिस थाने के सामने से शुरू हुई रैली में कार्यकर्ताओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला लेकर नारेबाजी की और मुख्य बाजार व जावती चौराहे की ओर कूच किया। इस दौरान “भारत माता की जय”, “स्वदेशी अपनाओ – विदेशी वस्तुएं छोड़ो” और “भारत विरोधी नीतियां बंद करो” जैसे नारे गूंजते रहे।
जावती चौराहे पर सभा में बदल गई रैली में वक्ताओं ने कहा कि यह टैरिफ नीति किसानों, उद्योगपतियों और निर्यातकों के हितों के खिलाफ है। जन चेतना मंच के प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव कुशवाहा ने इस फैसले की तीखी आलोचना करते हुए देशवासियों से विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार और स्वदेशी वस्तुओं के अधिक उपयोग की अपील की।

सभा के बाद कार्यकर्ताओं ने ट्रंप के पुतले को लात-घूंसों और जूतों से पीटा, फिर आग लगाकर जलाया और राख गंदी नाली में फेंक दी। प्रदर्शन के दौरान लोगों के चेहरों पर गुस्सा और जोश साफ नजर आया।

इस मौके पर संगठन के संरक्षक इंदर सिंह भील, जिला अध्यक्ष विनेश मालवीय, तहसील अध्यक्ष राजेंद्र धाकड़ सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि जब तक देशवासी स्वदेशी नहीं अपनाएंगे, विदेशी दबाव अर्थव्यवस्था को कमजोर करते रहेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ