रक्षा बंधन पर कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने बांटी खुशियाँ, वृद्धाश्रम, जेल और ब्रह्माकुमारी संस्थान में बहनों से बंधवाई राखी

विदिशा, 9 अगस्त — भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के पर्व रक्षा बंधन पर कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए जिले के विभिन्न स्थलों का दौरा किया और बहनों से राखी बंधवाई। उन्होंने बुजुर्ग माताओं, बहनों और बंदी बहनों के साथ यह पावन पर्व मनाकर सभी को भावुक कर दिया।

कलेक्टर गुप्ता ने सबसे पहले मुखर्जी नगर स्थित ब्रह्माकुमारी संस्थान में बहनों से राखी बंधवाई और आध्यात्मिक वातावरण में भाईचारे एवं प्रेम का संदेश दिया। इसके बाद वे श्रीहरि वृद्धाश्रम पहुँचे, जहाँ रह रहीं बुजुर्ग माताओं ने उन्हें राखी बाँधी। कलेक्टर ने उन्हें स्नेहपूर्वक उपहार भेंट किए और उनके सुख-समृद्धि की कामना की।

पर्व के इस क्रम में कलेक्टर गुप्ता जिला जेल भी पहुँचे। यहाँ बंदी बहनों ने उन्हें राखी बाँधी। उन्होंने सभी को जीवन में सुधार, सकारात्मक सोच और समाज में सहयोग बनाए रखने का संदेश दिया। कलेक्टर ने कहा— “रक्षा बंधन केवल धागे का बंधन नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, सहयोग और सुरक्षा का प्रतीक है, जिसे हर रिश्ते में बनाए रखना चाहिए।”

इस अवसर पर बहनों ने अपने स्नेह और आशीर्वाद से माहौल को भावुक बना दिया। कलेक्टर गुप्ता की मौजूदगी ने उन बहनों को भाई की कमी महसूस नहीं होने दी, जिनके पास अपना कोई नहीं था।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ