'भारतीय क्रांति सेना' के प्रस्तावित संगठन की ओर से अधिवक्ता अरविंद सिंह राणा ने कलेक्टर के मध्यम से मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश को एक ज्ञापन प्रेषित किया है, जिसमें तहसील गंजबासौदा सहित आसपास के क्षेत्रों—पथारी, कुरवाई, सिरोंज आदि में हो रहे अवैध उत्खनन पर तुरंत रोक लगाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि बिना किसी वैध स्वीकृति के पहाड़ों को अवैध रूप से तोड़ा जा रहा है जिससे क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा के साथ धार्मिक स्थलों को भी नुकसान पहुंच रहा है। विशेष रूप से नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर उदयपुर और दरबार मंदिर को खतरा बताया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि सरकार को करोड़ों रुपये की क्षति हो रही है और पर्यावरणीय असंतुलन भी तेजी से बढ़ रहा है।
अधिवक्ता अरविंद सिंह राणा ने प्रशासनिक अधिकारियों, खनिज विभाग, वन विभाग और पुलिस विभाग के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो इस विषय को एन.जी.टी. और उच्च न्यायालय में उठाया जाएगा, साथ ही जन आंदोलन भी खड़ा किया जाएगा।
ज्ञापन की प्रति गंजबासौदा, कुरवाई, पथारी, सिरोंज आदि तहसीलों के अधिकारियों को भी भेजी गई है। अंत में यह मांग दोहराई गई है कि खनन माफियाओं के विरुद्ध कठोर और ठोस कदम उठाए जाएं।




0 टिप्पणियाँ