लटेरी (जिला विदिशा) लटेरी से एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक स्थानीय भुट्टे बेचने वाला व्यक्ति तहसीलदार साहब के साथ आए कुछ लोगों पर बिना पैसे दिए भुट्टे खाने का आरोप लगाता नजर आ रहा है।
यह वीडियो स्थानीय पत्रकार अमित रैकवार द्वारा रिकॉर्ड किया गया है, जिसमें वह भुट्टे बेचने वाले से पूछते हैं कि क्या हुआ था। जवाब में दुकानदार बताता है, "कुछ लोग तहसीलदार साहब के साथ आए थे, 12 भुट्टे खा लिए और पैसे नहीं दिए। कहकर गए कि देते हैं, लेकिन फिर नहीं लौटे।"
वीडियो में भुट्टे वाला बेहद साधारण और सच्चा दिखाई देता है। उसने यह भी कहा कि "भूल गए होंगे, कोई बात नहीं", लेकिन उसकी बातों से यह साफ झलकता है कि वह इस व्यवहार से आहत है।
वीडियो के वायरल होते ही लोगों ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई लोगों ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं, वहीं कुछ ने भुट्टे वाले की ईमानदारी और सादगी की सराहना की है।
प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
लटेरी जैसी छोटी जगहों पर ऐसे मामले आम लोगों के विश्वास को प्रभावित करते हैं। यदि आरोप सही हैं, तो यह सिर्फ एक भुट्टे बेचने वाले के साथ नहीं, बल्कि आम जनता की ईमानदारी और मेहनत के साथ भी अन्याय है।
यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन इस वायरल वीडियो पर क्या प्रतिक्रिया देता है और क्या संबंधित लोगों से पैसे वसूलकर उस भुट्टे वाले की मेहनत की भरपाई की जाती है या नहीं।




0 टिप्पणियाँ