प्रभारी मंत्री लखन पटेल हुए समस्याओं से अवगत, किसानों को दिलाया मदद का भरोसा

विदिशा। पशुपालन एवं डेयरी स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल ने सोमवार को विदिशा जिले के संक्षिप्त प्रवास के दौरान स्थानीय विधायक श्री मुकेश टंडन एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से भेंट कर जिले की प्रमुख समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।

जनप्रतिनिधियों ने प्रभारी मंत्री को जिले में खरीफ फसलों पर उपयोग की गई रासायनिक दवाओं से हुई क्षति के संबंध में विस्तार से अवगत कराया। विधायक श्री मुकेश टंडन ने उन्हें बताया कि इस संबंध में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने हाल ही में विदिशा प्रवास के दौरान पीड़ित किसानों से संवाद किया था और दोषी नकली कीटनाशक दवा कंपनी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है और किसी भी किसान को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कृषि वैज्ञानिकों का दल आज खेतों का भ्रमण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार राहत राशि सहित अन्य आवश्यक कार्यवाही संपादित की जाएगी।

इस अवसर पर निजी गार्डन में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ जिला पंचायत सीईओ श्री ओ.पी. सनोडिया, विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ