हितग्राहीमूलक आवेदनों का फोर्सक्लोज न करें – अपर कलेक्टर डामोर

विदिशा । अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित बेतवा सभागार में आयोजित लंबित आवेदनों की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित आवेदनों का किसी भी प्रकार से फोर्सक्लोज न किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे आवेदनों का निराकरण शीघ्रतिशीघ्र और संतुष्टिपूर्वक किया जाए तथा आवेदकों को लिखित रूप से जानकारी भी प्रदान की जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी हो। आमने-सामने संवाद से आवेदकों का विश्वास बढ़ता है और विलंब होने पर भी वे आक्रोशित नहीं होते। जिला स्तर पर संभव न होने वाले मामलों को विभाग प्रमुख को अग्रेषित कर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

अपर कलेक्टर ने हितग्राहीमूलक योजनाओं के समय पर लाभांवित करने पर जोर देते हुए कहा कि पात्र लोगों को लाभ दिलाने में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने धरती आबा योजना के तहत जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि चिन्हित 86 गांवों में शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाया जाए। शिविरों के पूर्व और बाद का डाटा स्पष्ट रखा जाए ताकि कोई भी हितग्राही वंचित न रहे।

उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने पर विशेष बल देते हुए सीएमएचओ को निर्देशित किया कि कुल जारी आईडी, उनमें सक्रिय कार्ड और संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम सचिव आदि की पृथक-पृथक जानकारी आगामी बैठक में प्रस्तुत करें।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया गया कि नल-जल योजना के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत का सत्यापन कराया जाए। साथ ही पौधरोपण, न्यायालयीन प्रकरण, ई-फाइल सहित अन्य बिंदुओं की भी बैठक में समीक्षा की गई।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री ओ.पी. सनोडिया, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, विभागीय जिला अधिकारी मौजूद रहे तथा एसडीएम एवं खंड स्तरीय अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया गया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ