स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति रंग में रंगा आनंदपुर, गीतों और नारों से गूंजा नगर

आनंदपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम आनंदपुर देशभक्ति की भावनाओं से सराबोर हो उठा। गलियों में तिरंगे लहराए और स्कूलों में बच्चों ने देशभक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियां बिखेरीं।

सरस्वती मिडिल स्कूल में बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य कला और मनोरंजनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नागरिकों को देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया। वहीं, अक्षिका अकादमी  स्कूल के बच्चों ने विशेष आकर्षण के रूप में एक बालिका को भारत माता का रूप देकर सजाया और उसे घोड़े पर बैठाकर डीजे की धुनों के साथ ग्राम के प्रमुख मार्गों से होते हुए विद्यालय तक रैली निकाली, जिसने सभी का मन मोह लिया।
पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आनंदपुर के विद्यार्थियों ने रैली निकालकर देशभक्ति गीत और नारे गूंजाए। रैली जब ग्राम पंचायत भवन पहुंची, तो ग्राम सरपंच हरिवल्लभ शर्मा ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित बच्चों और ग्रामीणों को प्रसादी भी वितरित की गई।

पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया और स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ