सिरोंज। नगर के सारथी सिटी फेस-02 में 7 अगस्त को हुई शिक्षिका मिन्शू राजपूत की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने मात्र छह दिन में खुलासा कर दिया है। इस वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सोना-चांदी, नकदी और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है।
एसडीओपी सोनू डाबर ने प्रेस वार्ता में बताया कि मिन्शू राजपूत महू के शासकीय स्कूल में पदस्थ थीं और सिरोंज में किराये के मकान में रह रही थीं। आरोपियों का असली निशाना मकान मालिक और उनका परिवार था। वारदात के दिन मकान मालिक रिश्तेदार के यहां और उनकी पत्नी गुना मायके गई थीं। इस दौरान घर की चाबी मिन्शू के पास थी।
मुख्य आरोपी अभिषेक शर्मा ने अपने साथियों अंकित यादव, गौरव केवट और कुलदीप रघुवंशी के साथ मिलकर योजना बनाई थी। उन्होंने ऐसी जगह किराये का कमरा लिया, जहां सीसीटीवी न हों और माहौल सुनसान हो। घटना के दिन पानी मांगने के बहाने वे घर में घुसे और बातचीत में यह जानने के बाद कि मिन्शू अकेली हैं, गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद सोने की चैन, कान के ईयररिंग, मंगलसूत्र और 6 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने विशेष जांच दल गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने लूट का कुछ सामान बेच दिया था, जिसे बरामद कर लिया गया है।
एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि यह पूरी वारदात पूर्वनियोजित थी और आरोपी कई दिनों से इलाके की रेकी कर रहे थे। कार्रवाई में एएसपी प्रांज चौबे, एसडीओपी सोनू डाबर, थाना प्रभारी पंकज गीते सहित कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।




0 टिप्पणियाँ