आनंदपुर। हिन्दू जागरण मंच के तत्वावधान में बुधवार को अखंड भारत संकल्प जुलूस का भव्य आयोजन किया गया। जुलूस का प्रारंभ आनंदपुर थाने स्थित हनुमान मंदिर से हुआ, मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक एकत्रित होने लगे थे। हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद जुलूस रवाना हुआ, जो मुख्य मार्गों से होते हुए नगर के विभिन्न चौराहों से गुजरता हुआ जावती चौराहे पर जाकर संपन्न हुआ।
जुलूस में सबसे आगे संगठन के सदस्य हाथों में जलती मशालें लिए चल रहे थे, जो “जय श्री राम” और “अखंड भारत अमर रहे” के जयघोष कर रहे थे। पूरे मार्ग में माहौल धार्मिक और देशभक्ति के रंग में रंगा रहा।
हिन्दू जागरण मंच के जिला कार्यकारिणी सदस्य राजू शर्मा ने बताया कि यह दिन भारत के विभाजन की याद दिलाता है और इसका उद्देश्य “अखंड भारत” की भावना को पुनर्जीवित करना है। उन्होंने कहा कि मंच एवं अन्य संबंधित संगठन इस अवसर पर देश की एकता और अखंडता के संकल्प को मजबूत करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते हैं। शर्मा ने कहा, “हमारा लक्ष्य आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रीय चेतना जगाना और यह संदेश देना है कि सांस्कृतिक व ऐतिहासिक दृष्टि से भारत एक है और एक रहेगा।”
जुलूस में शामिल
कार्यकर्ताओं ने तिरंगा और भगवा ध्वज लहराते हुए अखंड भारत का नारा बुलंद किया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिक, युवा एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




0 टिप्पणियाँ