विदिशा, 8 अगस्त 2025 —जिला पंचायत विदिशा के सभागार में पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI 1.0) पर आधारित एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला के दौरान जिले की दस श्रेष्ठ पंचायतों को उनके उत्कृष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीता कैलाश रघुवंशी ने की। कार्यशाला में पंचायत उन्नति सूचकांक पोर्टल की उपयोगिता, प्रविष्टि प्रक्रिया एवं प्रचार-प्रसार पर जानकारी दी गई, जिसे मास्टर ट्रेनर्स एवं ईटीसी भोपाल से आए विशेषज्ञों ने साझा किया। प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान मौके पर किया गया।
पुरस्कार वितरण के अंतर्गत:
ग्राम पंचायत सुनपुरा (जनपद पंचायत विदिशा) को प्रथम स्थान के लिए ₹11,000 और प्रशस्ति पत्र
ग्राम पंचायत खामखेड़ा को द्वितीय स्थान के लिए ₹7,100
ग्राम पंचायत त्योंदा (जनपद पंचायत बासौदा) को तृतीय स्थान के लिए ₹5,100
प्रदान किए गए।
इसके अलावा आनंदपुर, कागपुर, बिछिया, थर्रा, सनोटी, अंबानगर एवं पठारी ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहन स्वरूप ₹2,100-₹2,100 एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए।
इस अवसर पर बताया गया कि PAI पोर्टल के माध्यम से पंचायतों के कार्यों का डिजिटल मूल्यांकन किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए पंचायतों को ए और ए+ श्रेणी में आने हेतु प्रेरित किया गया। पोर्टल पर उपलब्ध डैशबोर्ड के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर निगरानी की जाएगी जिसमें लाइन विभागों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दरयाब सिंह, अतिरिक्त सीईओ, विभिन्न जनप्रतिनिधि, एवं लाइन विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
यह पहल भारत सरकार द्वारा पंचायत विकास कार्यों की पारदर्शिता और वास्तविक आकलन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।




0 टिप्पणियाँ