लटेरी में निजी डॉक्टर की लापरवाही से बच्चे की मौत: पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, दी हरसंभव मदद का भरोसा

लटेरी (विदिशा) – बीते दिनों लटेरी में एक निजी डॉक्टर के इलाज के दौरान दो वर्षीय मासूम की मौत के मामले ने जनमानस को झकझोर कर रख दिया है। इस दुखद घटना के बाद आज पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह लटेरी पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।

लक्ष्मण सिंह ने दिवंगत बालक देव कुशवाहा को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की मांग की है।

मीडिया से चर्चा करते हुए लक्ष्मण सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि "भाजपा के विधायक, सांसद और स्थानीय नेता अभी तक पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।" उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर विदिशा कलेक्टर अंशुल गुप्ता से बात की है और पीड़ित परिवार को त्वरित व न्यायसंगत सहायता दिलवाने की मांग की है।

पूर्व सांसद की यह संवेदनशील पहल स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं यह सवाल भी खड़ा कर रही है कि आखिर स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही तय करने के लिए प्रशासन कब सख्त कदम उठाएगा।

यह मामला एक बार फिर निजी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ