विदिशा, 31 जुलाई — कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला स्तरीय कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम में संधारित विभिन्न पंजियों का अवलोकन किया और प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
कलेक्टर ने विशेष रूप से यह जाना कि आमजन से प्राप्त शिकायतों और सुझावों पर किस प्रकार से त्वरित कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कंट्रोल रूम स्टाफ को निर्देशित किया कि वर्षाकाल में उत्पन्न विषम परिस्थितियों की सूचना पर तत्परता से कार्य किया जाए और आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों से समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कंट्रोल रूम के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त आवेदनों पर भी नियमित संवाद कर, शिकायतकर्ताओं से समाधान की संतुष्टि के बारे में जानकारी ली जा रही है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि कंट्रोल रूम जनसंपर्क का सशक्त माध्यम बनकर कार्य कर रहा है और इसकी भूमिका और अधिक प्रभावी होनी चाहिए।




0 टिप्पणियाँ