कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने निजी विद्यालयों के प्राचार्यों से किया सीधा संवादविद्यालयों में विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु दिए गए अहम निर्देश

सागर, मध्यप्रदेश – जिला कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. ने शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित बैठक में जिले के सभी निजी विद्यालयों के प्राचार्यों से सीधा संवाद किया और विद्यार्थियों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। कलेक्टर ने कहा कि कोई भी बच्चा फीस या ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) के अभाव में प्रवेश से वंचित न हो, साथ ही किसी विशेष दुकान से गणवेश या पुस्तकें खरीदने के लिए बाध्य भी न किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी स्कूल बसों को नियमित रूप से अपडेट किया जाए और हर बस में सीसीटीवी कैमरे एवं केयरटेकर अनिवार्य रूप से उपलब्ध हों। इसके साथ ही यदि किसी विद्यालय में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बस्ते के वजन को कम करने के लिए विद्यालयों में लॉकर्स की सुविधा प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए। मॉर्निंग असेंबली को सकारात्मक सोच, शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई, जिले व अखबार की जानकारी, आमंत्रित अतिथियों के संबोधन जैसे विषयों से समृद्ध किया जाए।

छात्राओं की मानसिक सुरक्षा हेतु विद्यालयों में काउंसलिंग कक्ष अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं, जिनमें ‘गुड टच-बैड टच’ की जानकारी दी जाए एवं पॉस्को पेटी भी लगाई जाए। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित छात्रा के अभिभावकों और वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी तत्काल दी जाए।

श्री संदीप जी.आर. ने कहा कि सभी विद्यालय विद्यार्थियों को बैंक, पोस्ट ऑफिस, विश्वविद्यालय, कलेक्ट्रेट व औद्योगिक क्षेत्रों का शैक्षणिक भ्रमण कराएं जिससे उनका व्यावहारिक ज्ञान बढ़े। शासन की योजनाओं के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाए।

उन्होंने निर्देश दिया कि हर विद्यालय कम से कम एक डॉक्टर या इंजीनियर तैयार करने की दिशा में काम करे। इसके लिए विद्यालयों में 'सेल्फी प्वाइंट' बनाए जाएं तथा पूर्व छात्रों की जानकारी फोटो सहित विद्यालय परिसर में चस्पा की जाए। पूर्व छात्रों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर वर्तमान विद्यार्थियों को जोड़ने का सुझाव भी दिया गया।

कलेक्टर ने स्कूलों में समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर बच्चों की जांच कराने, पौष्टिक भोजन की जानकारी देने, ट्रैफिक नियमों की शिक्षा देने, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिए। साथ ही इंटरनेट के माध्यम से शिक्षाप्रद जानकारी बच्चों को दी जाए और नवाचारों के साथ शिक्षा को और प्रभावी बनाया जाए।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक के.वी., अपर कलेक्टर श्री रुपेश उपाध्याय, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन, जिला परियोजना अधिकारी श्री गिरीश मिश्रा, श्री अभय श्रीवास्तव, श्री अतिन गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं जिले के सभी निजी विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित थे।

सीईओ जिला पंचायत श्री विवेक के.वी. ने कहा कि प्राचार्य शैक्षणिक के साथ व्यावहारिक शिक्षा भी दें ताकि विद्यार्थी स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बन सकें। अपर कलेक्टर श्री रुपेश उपाध्याय ने ‘पर्यटन क्विज’ योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीयन कराने का आग्रह किया। इसमें चयनित विद्यार्थियों को प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के अध्ययन भ्रमण का अवसर मिलेगा। जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन और अन्य अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ