खरीफ फसलों के बीमा की अंतिम तिथि 31 जुलाई, किसान जल्द कराएं बीमा : कृषि विभाग


विदिशा, 14 जुलाई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2025 की अधिसूचित फसलों के लिए किसानों द्वारा बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के उप संचालक श्री के.एस. खपेड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान भाइयों को अपनी फसलों की सुरक्षा हेतु 2 प्रतिशत प्रीमियम राशि जमा कर बीमा कराना आवश्यक है।

उप संचालक ने बताया कि अऋणी कृषक जिले के सभी सी.एस.सी. (कॉमन सर्विस सेंटर) के माध्यम से फसल बीमा करा सकते हैं। जिन किसानों ने केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) का लाभ नहीं लिया है, वे भी अपनी जमीन की बही, आधार कार्ड, बोवाई प्रमाण पत्र, बटाईदार इकरारनामा तथा बैंक खाता नंबर की छायाप्रति के साथ नजदीकी सी.एस.सी. केंद्र पर जाकर बीमा करवा सकते हैं।

कृषि विभाग ने अपील की है कि अधिक से अधिक किसान भाई 31 जुलाई से पहले खरीफ फसलों का बीमा करा कर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाएं और प्राकृतिक आपदाओं से अपनी फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

#JansamparkMP

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ