विदिशा। स्थानीय निवासी श्री बंटी प्रजापति (आयु 40 वर्ष), जो गंजबासौदा के रहने वाले हैं, की जान जिला चिकित्सालय में समय पर मिले उपचार और सफल ऑपरेशन की बदौलत बचाई जा सकी।
करीब 15 दिन पहले बंटी प्रजापति को पेट में दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद वे इलाज के लिए एक झोलाछाप डॉक्टर के पास गए। गलत इलाज के चलते उनकी हालत बिगड़ती गई और दर्द असहनीय हो गया।
12 जुलाई की शाम 6 बजे उन्हें गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय विदिशा में भर्ती किया गया। जांच के दौरान पता चला कि उनकी आंतों में छेद हो गया है। स्थिति गंभीर होने के कारण तुरंत सर्जरी का निर्णय लिया गया।
सिविल सर्जन एवं सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. अनूप वर्मा के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम—जिसमें डॉ. विनय गोलंदाज, डॉ. पीसी मांझी, डॉ. गौरव रघुवंशी एवं डॉ. अंकित श्रीवास्तव शामिल थे—ने तत्काल ऑपरेशन कर आंतों के छिद्र को बंद किया। यह सर्जरी पूरी तरह सफल रही।
ऑपरेशन के पश्चात वर्तमान में मरीज की हालत स्थिर है। श्री बंटी प्रजापति और उनके परिजनों ने जिला चिकित्सालय की पूरी टीम और विशेष रूप से डॉ. अनूप वर्मा का आभार व्यक्त किया, जिनके प्रयासों से उनकी जान बच सकी।




0 टिप्पणियाँ