सनसनीखेज खबर
शुभम सोनी लटेरी (विदिशा): लटेरी क्षेत्र के जंगलों में एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर मिले शवों ने इलाके में सनसनी फैला दी है। रहस्यमयी हालातों में मिले इन शवों ने पुलिस और स्थानीय निवासियों को गहरी चिंता में डाल दिया है।
पहला मामला थाना लटेरी क्षेत्र के मदागन जंगल का है, जहां 70 वर्षीय छीतर लाल अहिरवार का कंकाल बिखरी हुई हालत में मिला। जंगल में मानव अवशेषों के मिलने की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो वह दृश्य रौंगटे खड़े कर देने वाला था। जगह-जगह बिखरे हड्डियों के टुकड़े, पास में पड़ा छाता, लाठी और कपड़े – ये सब उस बुजुर्ग की पहचान बताने के लिए काफी थे, जो 9 जुलाई से लापता थे। आशंका है कि बुजुर्ग की मौत के बाद जंगली जानवरों ने शव को नोच डाला।
इसी बीच, दूसरा मामला और भी ज्यादा चौंकाने वाला है। लटेरी से 15 किलोमीटर दूर सोजनीखेड़ा के जंगलों में 18 वर्षीय युवक संजू लोधी का शव मिला है। मृतक की पहचान मधुसूदनगढ़ निवासी संजू पुत्र ओंकार लोधी के रूप में हुई है। संजू 12 जुलाई को कामखेड़ा बालाजी मंदिर, राजस्थान जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। जंगल में उसका शव और पास ही बाइक भी बरामद की गई है।
परिजनों ने बताया कि किसी अनजान कॉल के बाद संजू अचानक काम से चला गया था, जो अब रहस्य का विषय बन गया है। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है और पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
दोनों ही मामलों में पुलिस की जांच जारी है, लेकिन जंगलों में एक ही दिन में दो लाशें मिलने से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है। लोगों के बीच यह सवाल गूंज रहा है – क्या ये महज संयोग है या किसी साजिश की दस्तक?
आखिर इन मौतों के पीछे क्या है रहस्य? कौन है इन वारदातों का जिम्मेदार? क्या लटेरी के जंगल अब खौफ का नया अड्डा बनते जा रहे हैं?
इन सवालों के जवाब तलाश रही है लटेरी पुलिस – लेकिन फिलहाल, जंगलों की खामोशी के बीच सिर्फ मौत की गूंज सुनाई दे रही है।




0 टिप्पणियाँ