विदिशा में पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण, सुविधाओं में अनियमितता पर पंचनामा तैयार


विदिशा, 17 जुलाई। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देश पर जिले में स्थित पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण खाद्य एवं नापतौल विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित सुविधाओं में कई अनियमितताएं पाई गईं।

जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अनिल तंतुवाय ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण की कार्रवाई सिद्धि विनायक पेट्रोल पंप तथा इंडियन ऑयल पंप, विदिशा में की गई। जांच के दौरान पाया गया कि निशुल्क हवा पंप खराब था और शौचालय में ताला लगा हुआ था। इस पर संबंधित पंप प्रबंधकों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए और मौके पर ही पंचनामा बनवाया गया।

निरीक्षण के दौरान अन्य आवश्यक मापदंडों की भी जांच की गई। इसमें स्टॉक का सत्यापन, डेंसिटी से ईंधन की गुणवत्ता की जांच, 5 लीटर माप से तौल की सटीकता की जांच तथा टैंक में डिप रॉड द्वारा पानी की उपस्थिति की जांच शामिल रही। जांच में टैंक में पानी नहीं पाया गया, नाप-तौल व गुणवत्ता सही पाई गई और पंप का एक्सप्लोसिव लाइसेंस वर्ष 2028 तक वैध पाया गया।

श्री तंतुवाय ने बताया कि उपभोक्ताओं को बुनियादी सुविधाएं जैसे निशुल्क हवा और स्वच्छ शौचालय उपलब्ध कराना पेट्रोल पंप संचालकों की जिम्मेदारी है, जिसमें लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ