विदिशा, 28 जुलाई 2025 — जिले में सुरक्षा व्यवस्था, मानसून सतर्कता और जन-जागरूकता अभियानों की समीक्षा के तहत पुलिस अधीक्षक श्री रोहित काशवानी ने आज एसडीओपी कार्यालय लटेरी, थाना लटेरी एवं थाना आनंदपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को बारिश के मौसम में सावधानी बरतने और आमजन को सुरक्षित रहने हेतु जागरूक करने के दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्री काशवानी ने थानों में लंबित प्रकरणों, अभिलेख संधारण, मालख़ाना, शस्त्रों की स्थिति एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जनता से जुड़े प्रत्येक कार्य में संवेदनशीलता, तत्परता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने जिले में संचालित "नशे से दूरी है जरूरी" अभियान की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए स्कूलों एवं कॉलेजों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक जन-जागरूकता गतिविधियाँ चलाई जाएं।
अधिकारियों की उपस्थिति
इस अवसर पर एसडीओपी लटेरी श्री अमरेश बोहरे, थाना प्रभारी लटेरी श्री जय कुमार सिंह, थाना प्रभारी आनंदपुर श्री बी.डी. सिंह सहित संबंधित पुलिस बल मौजूद रहा।
श्री काशवानी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने कर्तव्यों को निष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा के संकल्प के साथ निभाएं, जिससे जिले में सुरक्षित, सतर्क और नशा मुक्त वातावरण निर्मित हो सके।




0 टिप्पणियाँ